जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को आयोजित होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कार्यक्रम स्थल व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने वीवीआईपी आगमन व प्रस्थान मार्ग, पार्किंग, प्रवेश और निकास द्वार, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट तथा सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एसएसपी ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को समय से अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश भी दिए गए।