जौनपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मड़ियाहूं तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बुधवार को न्यायिक कार्यों से विरत रहने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। यह फैसला तहसील परिसर में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम मिश्र एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।
बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के दिन अधिकांश अधिवक्ता अपने गुरुजनों के सम्मान और धार्मिक आयोजनों में शामिल रहते हैं, जिससे न्यायालयों में उपस्थिति कम रहती है। ऐसे में न्यायिक कार्यों का सुचारु संचालन संभव नहीं हो पाता। इसे देखते हुए सभी अधिवक्ताओं ने 29 जुलाई को न्यायालय में पैरवी न करने का निर्णय लिया।
अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है और विधि के क्षेत्र में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। वहीं, महामंत्री अशोक कुमार यादव ने कहा कि यह निर्णय वादकारियों के हित में भी है, क्योंकि अधिवक्ताओं की कम उपस्थिति से सुनवाई प्रभावित हो सकती है। बैठक में बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।
