जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के अढ़नपुर छांगापुर-1 गांव से दो मासूम बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों बच्चे 17 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।लापता बच्चों की पहचान जादूगर बनवासी (8) पुत्र सेमा बनवासी और राजा बनवासी (5) पुत्र राजेश बनवासी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे 17 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे बिना बताए घर से निकल गए थे।
बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने गांव के अलावा रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद राजा बनवासी के पिता राजेश बनवासी ने 18 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे पुलिस चौकी भाऊपुर में बच्चों की गुमशुदगी की सूचना दी।
पुलिस चौकी भाऊपुर प्रभारी सुग्रीव प्रसाद गुप्ता ने बताया कि दो बच्चों के लापता होने की शिकायत मिली है। पुलिस टीम दोनों की तलाश में जुटी है और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।