जौनपुर, 06 अगस्त। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता ने बताया कि प्रदेश राज्य हज समिति, मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, लखनऊ के अनुसार हज-2027 के लिए ऑनलाइन कुर्रा (लॉटरी) के माध्यम से उत्तर प्रदेश के 22,510 आवेदकों का चयन किया गया है। चयनित हज यात्रियों को इसकी सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दी गई है। साथ ही चयनित यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है, जिसमें कवर नंबर एवं बैंक रेफरेंस नंबर भी अंकित हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि सभी प्रोविजनल चयनित हज यात्रियों को प्रति यात्री प्रथम किश्त के रूप में 1,52,300 रुपये की धनराशि 10 अगस्त 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया के यूनियन बैंक या भारतीय स्टेट बैंक के खाते में जमा करनी होगी। पे-इन स्लिप संबंधित वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। इसके अलावा ऑनलाइन, हज सुविधा ऐप, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड एवं नेट बैंकिंग के माध्यम से भी भुगतान किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि भुगतान के बाद पे-इन स्लिप, हस्ताक्षरित हज आवेदन पत्र, घोषणा पत्र, अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट संबंधी घोषणा पत्र तथा मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाणपत्र को हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल पर अपने लॉग-इन आईडी से अपलोड करना अनिवार्य होगा। दस्तावेज अपलोड करने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय तथा जिले के हज ई-सुविधा केंद्रों से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने हज-2027 के लिए चयनित सभी यात्रियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।
