Jaunpur News : 63 केवीए ट्रांसफार्मर से परेशान नाऊपुर की महिलाओं ने किया धरना-प्रदर्शन


जौनपुर, 20 अगस्त। केराकत तहसील क्षेत्र के नाऊपुर गांव की महिलाओं ने गुरुवार को विद्युत वितरण उपखंड-तृतीय, थानागद्दी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। सतीश सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने गांव में लगे 63 केवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अधिक भार के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है, जिससे गांव की बिजली व्यवस्था प्रभावित होती है।

ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर खराब होने से आए दिन बिजली कटौती और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि कई महीनों से एसडीओ और जेई से शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

धरने की सूचना पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। बाद में धरना समाप्त कर दिया गया।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द 100 केवीए का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि बिजली समस्या से घरेलू कार्यों के साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से भी मामले का संज्ञान लेकर समाधान कराने की मांग की।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534