Jaunpur News : रंगीन फव्वारे और रोशनी से सजेगा लोहिया पार्क


जौनपुर, 26 अगस्त। शहर स्थित लोहिया पर्यावरणीय उद्यान पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर उद्यान विकास समिति की बैठक हुई। उप निदेशक उद्यान, वाराणसी मंडल, दिग्विजय भार्गव की अध्यक्षता में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्क के रख-रखाव, स्वच्छता और आगंतुकों की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में पार्क में आकर्षक रंगीन म्यूजिकल फाउंटेन और सेल्फी प्वाइंट बनाने का निर्णय लिया गया। पार्क की दीवारों पर ऐतिहासिक चित्रकारी कराने के साथ वाटर पाम और तिरंगा पोल पर पिक्सल पट्टा लाइट लगाने की योजना बनाई गई है। पार्क के बाहर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी तथा खराब हो रहे तिरंगा पोल की रंगाई-पुताई कराई जाएगी। जिम और झूलों की आवश्यकतानुसार मरम्मत भी कराई जाएगी।

पार्क के बाहर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग रोकने के लिए नगर पालिका और पुलिस की मदद से निश्चित पार्किंग स्थल चिन्हित किया जाएगा। अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाया जाएगा।

समिति ने निर्णय लिया कि सुबह-शाम आने वाले अधिकांश आगंतुकों से प्रवेश शुल्क लिया जाएगा। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों, राजनेताओं, दिव्यांगों, सेवानिवृत्त सैनिकों और अभिभावकों के साथ आने वाले 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को शुल्क से छूट रहेगी। नियमित आगंतुकों के लिए पास जारी किए जाएंगे।

बैठक में जिला उद्यान अधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, समिति सदस्य अंजना सिंह सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534