बरसठी | राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में ओएसआर (ओन सोर्स रेवेन्यू) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रक्षिक्षण में ग्राम पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों को पंचायतों की स्वयं की आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार गौतम ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया। प्रक्षिक्षण में मास्टर ट्रेनर निर्मल कुमार और जिलाजीत निषाद ने प्रशिक्षण देते हुए ग्राम पंचायतों के स्वयं के आय स्रोतों, राजस्व वृद्धि की संभावनाओं, संवैधानिक एवं राज्य स्तरीय प्रावधानों, कर स्रोतों, स्वच्छ भारत मिशन के तहत आय सृजन, कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से राजस्व बढ़ाने तथा ओएसआर पोर्टल के संचालन की जानकारी दी। प्रशिक्षण में पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए तालाबों के पट्टे, हाट-बाजार, मेलों, दुकानों के किराये सहित अन्य संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर भी जोर दिया गया। इस दौरान विकासखंड के पंचायत सचिव और विभिन्न पंचायतों के पंचायत सहायक मौजूद रहे।