पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई घटना से व्यापारियों में दहशत
चौकियां धाम, जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदासपुर नेवादा क्षेत्र में बीती रात दो दुकानों से चोरों ने हजारों रुपये नगदी व हजारों रुपए मूल्य के समान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह दुकानदारों ने चोरी की घटना को देख स्थानीय पुलिस चौकी पर तहरीर दिया है। पुलिस छानबीन में जुट गई है। शातिर चोर मो. रईस की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उठा ले गये। शीतला चौकिया पुलिस चौकी से महज 200 मीटर पर हुई वारदात से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
बता दें कि राशिदाबाद निवासी मोहम्मद रईस व देवचन्दपुर निवासी रिक्की माली की रामदासपुर नेवादा क्षेत्र में ही अगल-बगल कॉस्मेटिक व जनरल स्टोर की दुकान है। सोमवार की रात दोनों दुकानदार दुकान बन्द करके घर चले गये। सुबह जाकर दुकान खोला तो देखा पीछे की दीवार में सेंध लगा हुआ था। रिक्की की कॉस्मेटिक दुकान से चोरों ने 10000 नगदी व 20000 मूल्य के सामान उठा ले गये जबकि मोहम्मद रईस की दुकान से 27 हजार नगदी व हजारों रुपये मूल्य के सामान उठा ले गये। घटना से पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठ रहे है।
वहीं इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष लाइन बाजार विजय शंकर यादव ने बताया कि मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है।
चोरी की निरन्तर घटनाओं से व्यापारी एवं जनमानस आक्रोशित
जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने पुलिस प्रशासन का ध्यान कराया आकृष्ट
जौनपुर। पूर्वांचल की शक्तिपीठ मां शीतला चौकियां धाम क्षेत्र में बीते कई दिनों से लगातार शातिर चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। बीती रात चौकियां क्षेत्र में कास्मेटिक और कॉन्फेशनरी की दो दुकानों पर चोरों ने हजारों का सामान पार कर दिया। अभी दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र में सेंध काटकर एक व्यापारी के यहाँ चोरी की घटना हो चुकी थी। स्थानीय पुलिस द्वारा मौके पर निरीक्षण किया गया किंतु कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पायी जिससे व्यापारियों में आक्रोश एवं दहशत व्याप्त है।
इस गम्भीर विषय पर चौकियां उद्योग व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अभिषेक यादव ने भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमण्डल के जिलाध्यक्ष विवेक सिंह को सभी घटनाओं से अवगत कराते हुये कहा कि लगातार व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर चोरी की घटना हो रही है। उन्होंने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुये कहा कि पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं हुई। चोरी की घटना को जल्द से जल्द खुलासा नहीं किया गया और चोरों को शीघ्र नहीं पकड़ा गया तो बड़ा आन्दोलन करने को हम बाध्य हैं।
बता दें कि आये दिन चोरी की घटनाओं से व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा पूर्व में हुई घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग किया। साथ ही कहा कि व्यापारी दिन—रात परिश्रम करके अपने व्यापार को किसी तरह चला रहे हैं। अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। वहीं हौंसला बुलन्द चोर एक—एक करे कुछ घण्टे में ही इतने दिनों के परिश्रम से चल रहे व्यापारियों के व्यापार का सारा सामान पल भर में साफ कर दे रहे हैं। आये दिन हो रही चोरियों को लेकर क्षेत्रीय व्यापारी सहित पूरा जनमानस आक्रोशित है जिनका गुस्सा किसी भी समय फूट सकता है।

