जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले की तीन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें केराकत पुलिस ने मुकदमे में वांछित तीन आरोपियों, मड़ियाहूं पुलिस ने तीन वारंटी और बरसठी पुलिस ने एक वारंटी आरोपी को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालयों में भेजा गया।
केराकत पुलिस ने मुकदमे में वांछित तीन आरोपियों को नरहन अंडरपास स्थित मरी माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में नरहन लुत्तीपुर निवासी संतोष पुत्र लाल बहादुर, चैतु उर्फ अरविंद पुत्र किशुना और श्याम कन्हैया पुत्र नान्हु शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों थाना केराकत में दर्ज मुकदमा संख्या 345/2026 में वांछित थे। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। कार्रवाई उपनिरीक्षक मोहम्मद सलीम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
इसी क्रम में मड़ियाहूं पुलिस ने न्यायालय से जारी गिरफ्तारी अधिपत्र के आधार पर तीन वारंटियों को उनके घर से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में सदरगंज निवासी जंगीलाल पुत्र बनारसी, साहोपट्टी निवासी मुन्नू पटेल पुत्र राम खेलावन और मलिकानपुर निवासी करन गौतम पुत्र नन्हे गौतम उर्फ रामआसरे गौतम शामिल हैं। पुलिस टीम ने तीनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय भेज दिया।
वहीं बरसठी पुलिस ने न्यायालय से संबंधित वारंट के आधार पर मलाई गांव निवासी दीनानाथ तिवारी उर्फ मनहसन पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र तिवारी को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। वह धारा 323 और 504 भादवि से संबंधित मामले में वारंटी था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
तीनों कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध की रोकथाम और वांछित एवं वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
