जौनपुर। शहर में सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। ठेले-खोमचे व फुटपाथ पर दुकानों के बाहर रखे सामान से सड़क सिकुड़ कर आधी रह गई है।
आलम यह है कि रोजाना लगने वाले जाम के कारण स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बीते दिन दोपहर को जनपद के कोतवाली चौराहे पर जो कि जनपद का मुख्य बाजार है, सड़क पर अतिक्रमण के करण जाम में एक स्कूल बस काफी देर तक फंसी रही। बस में बैठे छोटे-छोटे बच्चे गर्मी में परेशान होते रहे।
वही अतिक्रमण के चलते सड़क पर रोज जाम के करण कभी स्कूल बसें, एम्बुलेंस तो कभी आम लोग जाम मे फंसते हैं। सड़क किनारे फुटपाथ पर अतिक्रमण होने से पैदल वालों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे से अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाया जाए और नियमित रूप से अतिक्रमण पर कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों और आम लोगों को इस जाम की समस्या से छुटकारा मिल सके।
