जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जनपद में पात्र किसानों का एक भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार गांवों के साथ ही भीड़भाड़ वाले बाजारों में एलईडी एवं प्रचार वाहनों के माध्यम से कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना के प्रति जागरूक हो सकें। उन्होंने जनपद में मूली की फसल को बढ़ावा देने, किसानों को इसके उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने तथा मूली को जीआई टैग दिलाने की दिशा में प्रयास करने को भी कहा।
बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण और मृदा नमूना एकत्रीकरण सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण अधिकारी को जल संरक्षण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के आठ विकासखंड क्रिटिकल श्रेणी में हैं। ऐसे में जल संरक्षण और भूजल स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर तेजी से कार्य किया जाए।
उन्होंने इंटीग्रेटेड फार्मिंग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास करने तथा उन्हें बाजार की सुविधाओं और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उप कृषि निदेशक अश्वनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, डिप्टी पीडी आत्मा रमेश यादव सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpeg)