इसके पहले सद्भावना पुल पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं वालंटियर्स द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ मानव श्रृंखला बनाकर आकर्षक आकृति बनायी गयी जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। मानव श्रृंखला के माध्यम से राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। इसके उपरान्त सभी प्रतिभागियों ने सफेद टी-शर्ट/सफेद शर्ट धारण करने के साथ ही हाथों में तिरंगा लेकर रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता किया। रैली का शुभारम्भ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ हुआ। सद्भावना पुल से प्रारंभ हुई तिरंगा रैली निर्धारित मार्ग से होते हुये कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन के पास शहीद स्तंभ तक पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों द्वारा देशभक्ति के नारों एवं हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम, एकता और अखण्डता का संदेश दिया गया। रैली में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये सद्भावना पुल सहित विभिन्न स्थानों पर पेयजल एवं फल की व्यवस्था की गयी। जिला प्रशासन द्वारा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के समुचित प्रबन्ध किये गये जिससे रैली शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से सम्पन्न हुई। रैली के कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने के उपरान्त विकास भवन के सामने स्थित शहीद/क्रांति स्तम्भ पर अधिकारियों ने शहीद/क्रान्ति स्तम्भ पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, स्वयंसेवक सहित बड़ी संख्या में जनपदवासी उपस्थित रहे।
