Jaunpur News : सांप काटने से वृद्धा की हुई मौत


रामपुर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के राजापुर ग्रामसभा में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब घर के दरवाजे के पास दातून कर रही 70 वर्षीय महिला को सांप ने पैर में 3 बार डस लिया। सांप के काटने के बाद महिला की हालत बिगड़ती चली गई। परिजन पहले झाड़-फूंक कराने के लिए उन्हें लेकर गये लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार समरत्ती देवी (70) वर्ष पत्नी छट्ठू राम यादव निवासी ग्रामसभा राजापुर को मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे अपने घर के दरवाजे के बगल बैठकर दातून कर रही थीं। दातून करने के बाद वह पास में लगे नलकूप पर मुंह धोने गई थीं। मुंह धोकर वापस लौटते समय पीछे से आए सांप ने उनके पैर में लगातार तीन बार डस लिया। सांप के काटते ही समरत्ती देवी की हालत बिगड़ने लगी। महिला को परेशान देखकर परिवार के लोग घबरा गए और आनन-फानन में उन्हें झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। वहां से कोई राहत नहीं मिलने पर परिजन महिला को गोपालापुर स्थित निजी अस्पताल में चिकित्सक ज्ञान प्रकाश के पास लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सक ने महिला की जांच की और मशीन से भी स्थिति की जांच किया। जांच के दौरान शरीर में किसी प्रकार की हरकत नहीं मिलने पर चिकित्सक ने समरत्ती देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतका की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उनके घर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि समरत्ती देवी के पांच पुत्र हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में आस—पास सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भी भय का माहौल है। परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी संबंधित लोगों को दी है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534