Jaunpur News : गहना कोठी परिवार ने राजमहल में मनाया स्वतंत्रता दिवस

देशभक्ति के रंग में रंगा वातावरण
जौनपुर। गहना कोठी परिवार की ओर से राजमहल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर की गई। गहना कोठी के अधिष्ठाता विनीत सेठ ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं समर्पण का संकल्प लिया।

इसके पश्चात भारत माता की दिव्य प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की गई। सभी ने एक स्वर में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष किए। जयघोष से पूरा राजमहल परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। वातावरण में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का अद्भुत संचार देखने को मिला।

इस अवसर पर गहना कोठी के अधिष्ठाता विनीत सेठ ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिनके अथक प्रयासों से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्य को समझना चाहिए और देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

विनीत सेठ ने कहा कि देश की ताकत केवल उसकी सीमाओं की सुरक्षा करने वाले सैनिकों में ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की ईमानदारी, मेहनत और जिम्मेदारी में भी निहित है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी से काम करें, जरूरतमंदों की सहायता करें, समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखें और देशहित को सर्वोपरि रखें तो यही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। युवाओं को शिक्षा, तकनीक, मेहनत और संस्कारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में देश को और अधिक मजबूत, आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।

उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर भारतीय होने की भावना को मजबूत करना चाहिए। देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम के दौरान विपिन सेठ समेत गहना कोठी परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अंत में राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशहित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534