मड़ियाहूं, जौनपुर। राष्ट्रीय टीडी एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मड़ियाहूं की एएनएम के साथ कथित अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में नया मोड़ आ गया है। एएनएम की तहरीर पर पुलिस ने चितरंजन कान्वेंट स्कूल, नयापुरा के प्रबंधक दिलीप जायसवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सीएचसी मड़ियाहूं में तैनात एएनएम ज्योति यादव अपनी सहयोगी एएनएम चंद्रावती के साथ राष्ट्रीय टीडी एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत चितरंजन कान्वेंट स्कूल पहुंची थीं। आरोप है कि टीकाकरण कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधक ने अभियान में बाधा उत्पन्न की और एएनएम के साथ अभद्र व्यवहार किया।
एएनएम ज्योति यादव ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधक ने उनके साथ गाली-गलौज की, हाथ मरोड़ा, धक्का दिया, मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उन्हें विद्यालय परिसर से बाहर जाने के लिए मजबूर कर दिया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई।
पीड़ित एएनएम ने कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो सीएचसी की एएनएम टीकाकरण अभियान का बहिष्कार करने को विवश होंगी। मामले को गंभीर मानते हुए सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार भारती ने जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने एएनएम की तहरीर के आधार पर स्कूल प्रबंधक दिलीप जायसवाल के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।
