Jaunpur News : समान शिक्षा अधिकार को लेकर संगोष्ठी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित


जौनपुर। नगर के राजमण्डल डा. अजीत कपूर के निकट डीडीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन की शाखा पर आज समान शिक्षा अधिकार एवं महिला-पुरुष समानता को लेकर संगोष्ठी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में महिला एवं पुरुषों के लिये समान शिक्षा के अधिकार, बदलते सामाजिक परिवेश तथा आधुनिक भारत में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि आज की युवा पीढ़ी महिला और पुरुष के बीच भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। समाज में मौजूद विभिन्न कुरीतियों और रूढ़ियों से संघर्ष करते हुये आधुनिक युग की महिलाएं अपने अधिकारों के लिए आगे बढ़ रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में नये इतिहास रच रही हैं।
संगोष्ठी में इस विषय पर भी चर्चा हुई कि गांव हो या शहर, महिलाओं और पुरुषों को समान अवसर और अधिकार मिलना आवश्यक है। इसके लिये समाज में जागरूकता पैदा करना अत्यन्त महत्वपूर्ण है। आज भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चियों की शिक्षा, खान-पान सहित अन्य सुविधाओं के मामले में भेदभाव देखने को मिलता है जबकि लड़कों को अपेक्षाकृत अधिक प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे भेदभाव को समाप्त करने के लिये शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करना आवश्यक है।
इसी क्रम में स्वप्निल श्रीवास्तव ने कहा कि आज महिलाएं पुरुषों के बराबर कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। आज हम जिस मुकाम पर पहुँचे हैं, उसकी मजबूत नींव शिक्षा है। सभी को शिक्षित करना जरूरी है लेकिन शिक्षा का अर्थ केवल डिग्री या डिप्लोमा प्राप्त करना नहीं है। वास्तविक शिक्षा वह है जो व्यक्ति के संस्कार, व्यक्तित्व और ज्ञान को मजबूत बनाए तथा उसे समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने की क्षमता प्रदान करे। शिक्षित व्यक्ति न केवल अपने अधिकारों को समझता है, बल्कि वंचित और जरूरतमन्द लोगों के अधिकारों के लिये भी आवाज उठाने में सक्षम होता है।
कार्यक्रम में डीडीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे जिनमें दिलरूबा परवीन, महरूबा परवीन, रूबी यादव, बबिता निषाद, यामिश, नेहा, शुग्रा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और समान शिक्षा, महिला-पुरुष समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल छह विद्यार्थियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित एवं उत्साहित किया गया। संस्था की संचालिका आरडी सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। अन्त में सभी उपस्थित लोगों ने जलपान ग्रहण किया और एक-दूसरे का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534