करीब 40 जिलों के 350 खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग, साल्वेशन परिवार ने की खिलाड़ियों के लिए उचित व्यवस्थाएं
जौनपुर। जिले के प्रतिष्ठित साल्वेशन हॉस्पिटल में आगामी 12 और 13 सितंबर को 9वीं स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के करीब 40 जिलों से लगभग 350 खिलाड़ी प्रतिभाग करने पहुंचेंगे। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
आयोजन की जानकारी देते हुए डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए साल्वेशन परिवार की ओर से ठहरने और भोजन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो और वे बेहतर माहौल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर होने के नाते हम दवाओं के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य का इलाज करते हैं, लेकिन स्वस्थ जीवन के लिए खेलकूद और शारीरिक गतिविधियां भी बेहद जरूरी हैं। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करता है।
डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि साल्वेशन परिवार की यह पहल सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रयास है। उनका उद्देश्य है कि बच्चे खेल के प्रति जागरूक हों, अपनी प्रतिभा को निखारें और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं।
स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के शामिल होने से जौनपुर में खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का एक बड़ा मंच मिलेगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल है।