Jaunpur News : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार रुपये

 

जौनपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में किया गया। इस दौरान अयोध्या से आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, महामंत्री पीयूष गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की गई।

घोषणा के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय आठ हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय चार हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये किया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर भी प्रदान किया जाएगा। अतिरिक्त साड़ी के लिए भी राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।

जनपद स्तर पर नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के हित में लिया गया निर्णय उनके सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नन्हे बच्चों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करती हैं और उनके पोषण एवं प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

डॉ. अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशील सोच और जनकल्याणकारी नीतियों के कारण प्रदेश में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों की देखभाल मातृवत स्नेह के साथ की जा रही है, जिससे उनके स्वस्थ एवं समुचित विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव ने किया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित आईसीडीएस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534