जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के 81 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा (हेल्दी बेबी प्रतियोगिता) का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र मियांपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों समेत करीब 100 लोगों ने प्रतिभाग किया।
बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और समुचित विकास के प्रति अभिभावकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के खान-पान, स्वच्छता और शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया गया।
संतुलित पोषण और नियमित जांच जरूरी
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ और समग्र विकास के लिए संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता और उचित देखभाल जरूरी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के साथ गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ परिवारों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुपोषण की रोकथाम के लिए सरकारी प्रयासों के साथ परिवार और समाज की सहभागिता भी जरूरी है।
विजेता बच्चों को दिए गए पुरस्कार
हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में प्रभात ने प्रथम, आदवीक ने द्वितीय और स्मिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा निधि, भव्या, आरती और गौरव समेत अन्य बच्चों को भी स्कूल बैग, वाटर बॉटल, लंच बॉक्स और पेंसिल बॉक्स आदि पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता बच्चों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों और उनके अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।
पौष्टिक आहार के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी साझा की। अभिभावकों को रेसिपी आधारित पौष्टिक एवं संतुलित आहार देने, स्वच्छता बनाए रखने और समय-समय पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वस्थ भविष्य के साथ अभिभावकों में पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।