Jaunpur News : करोड़ों के पुल की एप्रोच सड़क पहली बारिश में धंसी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के रामपुर ब्लॉक अंतर्गत मलेथू गांव में वरुणा नदी पर बने करोड़ों रुपये के पुल की एप्रोच सड़क पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क का एक हिस्सा नदी में बह जाने से पैदल यात्रियों और चार पहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। एप्रोच सड़क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

समस्या को लेकर विवेक यादव जौनपुरी और प्रभात यादव उर्फ पप्पू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने राज्य सेतु निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और क्षतिग्रस्त एप्रोच सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने पुल की एप्रोच सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद पहली बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुल का निर्माण हाल में हुआ है तो महज छह महीने के भीतर एप्रोच सड़क की ऐसी स्थिति कैसे हो गई। ग्रामीणों ने निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की भी मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि एप्रोच सड़क का हिस्सा नदी में बह जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है। सड़क की स्थिति जल्द ठीक नहीं हुई तो दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मौके पर जांच कराकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पड़ताल करने, जिम्मेदारी तय करने और क्षतिग्रस्त एप्रोच सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534