Jaunpur News : शिक्षक कभी सामान्य नहीं होता, प्रलय और निर्माण उसकी गोद में पलते हैं


शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान, बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

जौनपुर। “शिक्षक कभी सामान्य नहीं होता, प्रलय और निर्माण उसकी गोद में पलते हैं।” शिक्षक दिवस के अवसर पर इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल चकताली, सिरकोनी, जौनपुर में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका डॉ. उषा सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन, विचारों एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

इसके बाद विद्यालय प्रबंध समिति (SMC) की अध्यक्ष रीता देवी एवं प्रधानाध्यापिका डॉ. उषा सिंह ने विद्यालय के सम्मानित शिक्षकों रोली अस्थाना, पूनम राव, रंजना तिवारी, आशीष कुमार यादव एवं संतोष यादव तथा प्रशिक्षु शिक्षिका काजल यादव को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्रम पहनाकर सम्मानित किया।

अपने शिक्षकों को सम्मानित होते देखकर विद्यालय के बच्चे भी बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। समारोह ने गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को और मजबूत करते हुए यह संदेश दिया कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षक की भूमिका सर्वोपरि है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534