मड़ियाहूं। स्थानीय तहसील के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बुद्धिपुर गांव निवासी जयद्रथ पटेल ने कोतवाली में तहरीर देकर अपनी 26 वर्षीय बेटी शशिकला पटेल और चार वर्षीय नातिन श्रेया पटेल की मौत के मामले में ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही शशिकला को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और दो लाख रुपये व भैंस की मांग की जा रही थी।
शशिकला की शादी छह जून 2021 को संतोषपुर गांव निवासी रवि पटेल पुत्र हंसराज पटेल के साथ हुई थी। गुरुवार शाम करीब पांच बजे शशिकला ने अपनी बड़ी बहन ललिता पटेल को फोन कर ससुराल में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात बताई। रात करीब 8:30 बजे ससुर हंसराज ने मायके वालों को फोन कर शशिकला की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। इसके बाद फोन नहीं उठाने पर परिजन रात करीब 9:30 बजे संतोषपुर पहुंचे। मकान में ताला लगा मिला और कोई मौजूद नहीं था। सूचना पर 112 पुलिस पहुंची।
मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें कभी जौनपुर, कभी भदोही और कभी वाराणसी ले जाने की जानकारी दी गई। रात करीब 11 बजे परिजन मड़ियाहूं कोतवाली पहुंचे और पूरी रात वहीं बैठे रहे। सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने बताया कि मां-बेटी के शव जौनपुर सदर अस्पताल में हैं।
परिजनों ने सास सुभावती देवी, , ससुर हंसराज, पति रवि पटेल,देवर किशन समेत अन्य पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। उनका यह भी आरोप है कि मई 2026 में रवि ने शशिकला के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत के बाद ग्राम प्रधान की मौजूदगी में समझौता कराया गया था। घटना के समय रवि गुजरात के वापी में था। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर क्रीम इरफान अली ने बताया कि मां-बेटी की मौत की सूचना मिली है। परिजनों ने दहेज हत्या की तहरीर दी है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।