Jaunpur News : दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट, प्राथमिकी दर्ज

बरसठी | थाना क्षेत्र के बरेठी गांव की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में एक लाख रुपये और सामान की मांग को लेकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उक्त गांव निवासी सीमा देवी ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उसकी शादी दो मार्च 2023 को मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी लकी यादव से हुई थी।आरोप है कि शादी में मायके वालों ने ढाई लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी समेत अन्य सामान दिया था। गौना के बाद ससुराल पक्ष के लोग दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर गाली-गलौज करने लगे। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। आरोप है कि 18 मार्च को पति लकी यादव, ससुर राजेंद्र प्रसाद यादव, सास गिरिजा देवी, जेठ अभय राज उर्फ मुन्ना, जेठानी संगीता, ननद निशा, सोनू, बड़े बहनोई मानिक चंद और अश्विनी उर्फ बिट्टू ने मिलकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि इसके बाद 22 मार्च को पति और बड़े बहनोई उसे जबरन दिल्ली ले गए। वहां भी पति और ससुराल के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और परिजनों से फोन पर बात नहीं करने दी। 22 सितंबर को मौका मिलने पर उसने दूसरे फोन से अपने पिता को जानकारी दी। आरोप है कि इसके बाद उसे वहां से भी मारकर भगा दिया गया। पीड़ित विवाहिता ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि उसके कुछ सोने और चांदी के गहने ससुराल पक्ष ने रख लिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 85, 115(2), 352, 351(3), 316(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534