Jaunpur News : अंतरिक्ष सप्ताह प्रतियोगिता में सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने लहराया परचम


नमन भास्कर ने देशभर में हासिल किया प्रथम स्थान, प्रतिभागी छात्रों को पुरस्कार व प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

जौनपुर। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मटियारी, केराकत के छात्रों ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आयोजित इंडिया स्पेस वीक प्रतियोगिता-2025 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भारत अंतरिक्ष सप्ताह, नई दिल्ली के सेंट्रल जोन के नेशनल स्टेट कोआर्डिनेटर डॉ. प्रभांशु कुमार ने पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र नमन भास्कर ने पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाषण, चित्रकला समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष विज्ञान और उससे जुड़े विषयों पर अपने ज्ञान एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रभांशु कुमार ने छात्रों को डीआरडीओ, इसरो और भारत अंतरिक्ष सप्ताह की स्थापना, संगठन तथा कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर भविष्य में इस क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता मितेश कुमार मौर्य के मार्गदर्शन में छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। छात्रों की उपलब्धि पर प्रधानाचार्य डॉ. राम बिहारी मौर्य ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ज्ञान-विज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने अंतरिक्ष विज्ञान और प्रतियोगिता से जुड़े अपने विचार भी साझा किए। कार्यक्रम का संचालन मितेश कुमार मौर्य ने किया।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534