Jaunpur News : जन्माष्टमी पर दुल्हन की तरह सजा बरसठी थाना, जनसुनवाई हॉल का लोकार्पण

पुलिसकर्मियों को बेहतर पुलिसिंग के दिए टिप्स, थाना प्रभारी की कार्यकुशलता सराही

बरसठी | जन्माष्टमी के पर्व पर थाना परिसर का नजारा बदला-बदला नजर आया। रंगाई-पुताई के बाद पूरा थाना परिसर आकर्षक झालरों से जगमगा उठा। थाने परिसर स्थित मंदिर में सुबह पूजन-अर्चन के साथ भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई। इस दौरान बने वृहद नवनिर्मित आगंतुक एवं जनसुनवाई हॉल का अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह ने फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद एसपी ग्रामीण ने थाना परिसर, मालखाने समेत विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने पर तैनात नए पुलिसकर्मियों से परिचय प्राप्त किया और बेहतर पुलिसिंग के लिए जरूरी टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल और पश्चिमांचल क्षेत्रों में पुलिस के काम करने का तरीका कुछ अलग होता है। पुलिसकर्मियों को स्थानीय परिस्थितियों को समझकर आपसी समन्वय के साथ काम करना चाहिए। मेहनत और लगन से काम करने पर ही पुलिसकर्मी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।एसपी ग्रामीण ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी सिर्फ अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं को सुनना, उनका त्वरित निस्तारण करना और लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना भी पुलिसिंग का अहम हिस्सा है। नवनिर्मित आगंतुक एवं जनसुनवाई हॉल से थाने आने वाले लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए बेहतर और व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा। उन्होंने थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव की कार्यशैली की भी सराहना की। करीब एक माह के भीतर थाना परिसर में दूसरी बार किसी नवनिर्मित कार्य के विधिवत लोकार्पण को उन्होंने उनकी कार्यकुशलता और सक्रियता का परिणाम बताया। उन्होंने नए और पुराने पुलिसकर्मियों को साथ मिलकर काम करने तथा अनुभव साझा करने की सलाह दी।
खेल के प्रति आज भी बरकरार है जुनून पत्रकारों से बातचीत में एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस की नौकरी में समय का काफी अभाव रहता है, लेकिन खेल के प्रति उनकी दिलचस्पी आज भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि मौका मिला तो आगे भी राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। गौरतलब है कि हाल ही में मुरादाबाद में आयोजित 43वीं यूपी पुलिस वार्षिक बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक जीते थे। उनके इस प्रदर्शन से पुलिस विभाग के साथ जिले का भी मान बढ़ा था। इस दौरान क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी, उपनिरीक्षक अंबरीश कुमार सिंह, अजय तिवारी, अनिल वर्मा, हेड कांस्टेबल उमाशंकर सिंह, पवित्र भूषण तिवारी, अखिलेश यादव, कमलेश, वकील चौहान समेत थाने के सभी पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534