Jaunpur News : विविधता में एकता भारत की विशेषता: संजय सिंह


मछलीशहर के 71वें राष्ट्रीय एकता सम्मेलन में पहुंचे राज्यसभा सांसद

मछलीशहर, जौनपुर। नगर के खानजादा मोहल्ला स्थित शाही मस्जिद के सामने प्रांगण में सीरत कमेटी की ओर से 71वें राष्ट्रीय एकता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देर रात आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राज्यसभा सांसद संजय सिंह पहुंचे और कार्यक्रम को संबोधित किया।

संजय सिंह ने कहा कि भारत में धर्मनिरपेक्षता का वास्तविक अर्थ एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़ा होना है। जब कोई हिंदू दुख या संकट में हो तो मुस्लिम उसकी मदद करे और जब कोई मुस्लिम परेशानी में हो तो हिंदू उसकी मदद करे। उन्होंने कहा कि यही भारत की विशेषता और हमारी सामाजिक एकता की पहचान रही है।

उन्होंने कहा कि भारत की पहचान ही ‘विविधता में एकता’ से है। देश में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई समेत सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समुदाय के व्यक्ति के साथ संकट आने पर वह उसके साथ खड़े रहते हैं।

भाजपा पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी हिंदू-मुस्लिम के बीच भेद पैदा करने का काम कर रही है। उन्होंने भाजपा को ‘भारतीय झगड़ा पार्टी’ बताते हुए कहा कि देश की मजबूती आपसी भाईचारे और एकता में है, न कि समाज को बांटने में।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने अतिथियों का स्वागत किया और राष्ट्रीय एकता एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534