Jaunpur News : निरोगी काया के लिए संतुलित जीवनशैली जरूरी : प्रो राकेश सिंह


पूर्वांचल विश्वविद्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श शिविर

130 शिक्षक, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण के संयुक्त तत्वावधान में “जीवनशैली संबंधी रोगों का प्रबंधन एवं रोकथाम” विषय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं उनके परिवारजनों सहित 130 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही व्यक्ति की कार्यक्षमता तथा गुणवत्तापूर्ण जीवन की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली के कारण खान-पान में असंतुलन, शारीरिक निष्क्रियता और तनाव जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में बीमारी के उपचार से अधिक महत्वपूर्ण है कि हम उसके खतरे को समय रहते पहचानें और अपनी दिनचर्या में आवश्यक सुधार करें। नियमित स्वास्थ्य जाँच, संतुलित आहार, व्यायाम और अनुशासित जीवनशैली को अपनाकर अनेक बीमारियों की समय रहते रोकथाम की जा सकती है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा और शोध का केंद्र नहीं, बल्कि अपने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति भी प्रतिबद्ध है। इस दृष्टि से स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे शिविर विश्वविद्यालय परिवार को स्वस्थ, सक्रिय और अधिक कार्यक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर का उद्देश्य बदलती जीवनशैली के कारण उत्पन्न हो रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति विश्वविद्यालय परिवार को जागरूक करना तथा उन्हें समय रहते आवश्यक स्वास्थ्य जाँच एवं विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर में वैद्य डॉ. जितेंद्र कुमार मिश्र, सहायक आचार्य, डॉ. शकुंतला आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, जौनपुर के नेतृत्व में कौशल सिंह एवं आयुष तिवारी की टीम ने ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, बीएमआई एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके साथ ही प्राकृतिक चिकित्सा में उपयोगी नाड़ी परीक्षण भी किया गया। प्रतिभागियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, उचित दिनचर्या और तनाव प्रबंधन के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया।
कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ एवं जागरूक विश्वविद्यालय परिवार ही संस्थान की प्रगति में प्रभावी योगदान दे सकता है। 
शिविर का आयोजन एवं समन्वय डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने किया।  विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. पुनीत सिंह ने मूलभूत स्वास्थ्य परीक्षण में सहयोग करते हुए शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. अजय द्विवेदी, डॉ. शशिकांत यादव, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. श्याम कन्हैया, डॉ. नितेश जसवाल, डॉ. पुनीत धवन, डॉ. श्वेता पाण्डेय, डॉ. राधिका उर्मलिया,कर्मचारी सँघ महामंत्री राधेश्याम सिंह, राजनारायण सिंह, डॉ. लक्ष्मी प्रसाद मौर्य, डॉ. सुशील प्रजापति, दिवाकर शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534