हैदराबाद, 11 सितंबर। तेलंगाना पुलिस ने बोलारम स्थित 20वीं बटालियन, मद्रास रेजिमेंट के कोटे और मैगजीन से हथियार एवं गोला-बारूद चोरी करने के मामले में एक सेवानिवृत्त सेना हवलदार को गिरफ्तार किया है। बोलारम पुलिस ने हैदराबाद टास्क फोर्स और एसओटी मलकाजगिरी कमिश्नरेट की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को शुक्रवार को उसके ठिकाने से पकड़ा। आरोपी की पहचान उप्पुतोल्ला मल्लेश (37) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मल्लेश 20वीं बटालियन, मद्रास रेजिमेंट में हवलदार के पद पर कार्यरत था। वह वर्ष 2010 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था और करीब 16 वर्ष सेवा करने के बाद 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हुआ। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि समय से पहले सेवानिवृत्ति को लेकर असंतोष के कारण उसने हथियार चोरी की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक 30 और 31 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 11 बजे आरोपी 20वीं बटालियन, मद्रास रेजिमेंट, बोलारम क्षेत्र में पहुंचा और कोटे तथा मैगजीन रूम से हथियार एवं गोला-बारूद चोरी कर लिया। चोरी किए गए सामान में चार AK-203 राइफलें, पांच मैगजीन, एक 5.56 एमएम INSAS 1B1 राइफल, तीन मैगजीन, छह 9 एमएम ऑटो पिस्टल, 12 मैगजीन, एक सिविल 6.35 बोर पिस्टल तथा एक पैसिव नाइट विजन बाइनोक्युलर शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस के अनुसार 9 एमएम पिस्टल के 1,156 कारतूस, AK-203 के 720 कारतूस तथा 5.56 एमएम INSAS के बॉल, ट्रेसर और ब्लैंक राउंड भी चोरी किए गए थे।
घटना की शिकायत के आधार पर बोलारम थाने में क्राइम नंबर 207/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसीपी स्तर के अधिकारी ने जांच संभाली। विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसने चोरी किए गए हथियार और गोला-बारूद को कौकूर, याप्राल तथा नागरकर्नूल जिले के अचमपेट में अलग-अलग स्थानों पर रखा था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए मलकाजगिरी पुलिस जोन, हैदराबाद सिटी पुलिस टास्क फोर्स और तेलंगाना स्टेट इंटेलिजेंस विभाग के समन्वित प्रयासों से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।