सीमावर्ती बीरगंज स्थित ठाकुर राम बहुमुखी कैंपस के स्वतंत्र विद्यार्थी संघ (स्ववियू) ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित नागरिकों के राहत, बचाव एवं पुनर्स्थापन के लिए प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप राहत कोष में सहयोग स्वरूप ₹ एक लाख एक हजार का चेक हस्तांतरित किया है।
कैंपस स्थित स्ववियू कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्ववियू सभापति राज कुमार यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कैंपस प्रमुख डा. केशव प्रसाद यादव, सहायक कैंपस प्रमुख एवं कैंपस प्रशासन के माध्यम से उक्त सहयोग राशि का चेक हस्तांतरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्ववियू सभापति ने कहा कि देश में आई इस कठिन आपदा की घड़ी में विद्यार्थी वर्ग केवल अध्ययन तक सीमित नहीं है बल्कि अपने सामाजिक दायित्व के प्रति भी समान रूप से सजग है। छात्र प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि स्ववियू की ओर से प्रदान की गई यह सहयोग राशि आपदा प्रभावित नागरिकों के घावों पर कुछ हद तक मरहम लगाने में सहायक होगी।
चेक ग्रहण करते हुए कैंपस प्रमुख ने स्ववियू के इस उच्च मानवीय एवं सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी संघ-संगठनों द्वारा प्रदर्शित यह सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सहयोग की भावना अनुकरणीय है। कैंपस प्रमुख ने यह प्रतिबद्धता भी व्यक्त की कि उक्त राशि शीघ्र ही प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप राहत कोष में भेज दी जाएगी।
इस मौके पर कैंपस प्रशासन के प्रतिनिधि, स्ववियू के प्रतिनिधि, प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थीगण मौजूद थे।
इस कड़ी में नेपाल में बाढ़ प्रभावित जिलों के राहत एवं पुनर्स्थापना कार्य के लिए त्रिभुवन विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा भी सहयोग का निर्णय लिया गया है।