अयोध्या । गौतम बुद्ध राजकीय महाविद्यालय, दर्शननगर, अयोध्या में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी वंदना पाण्डेय संप्रति मंदिर मजिस्ट्रेट, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र,अयोध्या रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष एवं प्राचार्य प्रोफेसर विश्वनाथ द्विवेदी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माॅं सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के पश्चात् मुख्य अतिथि वंदना पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को करियर निर्माण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। वंदना पाण्डेय ने अपनी तरफ़ से उपस्थित विद्यार्थियों को पाठ्य सहायक सामग्री वितरित किया । उन्होंने सफलता के लिए नियमित दिनचर्या, अनुशासन, निरंतर अध्ययन, लक्ष्य निर्धारण तथा समय के सदुपयोग को महत्त्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य के साथ निरंतर प्रयास और सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करते हुए उसके लिए योजनाबद्ध ढंग से तैयारी करनी चाहिए। इस अवसर पर गौतम बुद्ध राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.विश्वनाथ द्विवेदी, संयोजक डाॅ.अखिलेश कुमार वर्मा, कुशल संचालक डाॅ.नीरज तिवारी, डाॅ. आदित्य प्रताप सिंह, डाॅ.जोखन सिंह, डाॅ. प्रमोद कुमार मिश्र, युजवेंद्र गौड़, महीप कुमार मौर्य, देवी प्रसाद एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
