Jaunpur News : श्रीराम कथा में जौनपुर के नाम दर्ज हुआ विश्व रिकॉर्ड, 11 करोड़ बार लिखा गया राम नाम


ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में नौ दिवसीय आयोजन में श्रद्धालुओं ने रचा इतिहास, इंडिया और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई उपलब्धि

जौनपुर। बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान रामभक्तों ने सामूहिक रूप से 11 करोड़ बार राम नाम का लेखन कर अनूठी उपलब्धि हासिल की। वरिष्ठ भाजपा नेता, उद्योगपति एवं समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में राम नाम लेखन की इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। इससे जौनपुर का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया है।

प्रख्यात कथावाचक आचार्य शांतनु जी महाराज की प्रेरणा और मार्गदर्शन में आयोजित राम नाम लेखन अभियान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति प्रदर्शित करते हुए भक्तों ने सामूहिक रूप से 11 करोड़ बार राम नाम लिखने का लक्ष्य पूरा किया। इस अभियान ने धार्मिक आस्था के साथ सामूहिक सहभागिता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश भी दिया।

इस उपलब्धि पर दोनों रिकॉर्ड संस्थाओं के प्रतिनिधि संजय भोला ने कार्यक्रम के दौरान ज्ञान प्रकाश सिंह को प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र मिलने पर आयोजन स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस 
उपलब्धि का स्वागत करते हुए आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह को बधाई दी।

इस अवसर पर ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने राम नाम लेखन अभियान में सहभागी सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। साथ ही आचार्य शांतनु जी महाराज के मार्गदर्शन और प्रेरणा के लिए उनका विशेष अभिनंदन किया।

नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में श्रीराम कथा, भक्ति और राम नाम लेखन अभियान के माध्यम से श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता देखने को मिली। आयोजकों ने इस उपलब्धि को जौनपुर और पूरे पूर्वांचल के लिए गौरव का विषय बताया।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534