Jaunpur News : जौनपुर में चोरी के तीन मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार


खुटहन में दुकान से चोरी के मामले में 75,500 रुपये बरामद, बरसठी से वांछित आरोपी पकड़ा गया; खेतासराय में चोरी की बकरी बरामद

जौनपुर। जिले में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन, बरसठी और खेतासराय थाना पुलिस ने चोरी के अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खुटहन पुलिस ने कपड़े की दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 75,500 रुपये बरामद किए, जबकि बरसठी पुलिस ने चोरी के मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, खेतासराय पुलिस ने चोरी की गई बकरी के साथ एक आरोपी को पकड़ा।

खुटहन में चोरी की कहानी रचने का आरोप, 75,500 रुपये बरामद

खुटहन थाना क्षेत्र के गभीरन बाजार में कपड़े की दुकान का ताला तोड़कर 15 हजार रुपये चोरी किए जाने के मामले में पुलिस ने धमौर गांव निवासी शिवम वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को बरंगी गांव निवासी विशाल मौर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15-16 अक्टूबर की रात उनकी दुकान से रुपये चोरी कर लिए गए। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गभीरन स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन है। पूछताछ में उसने ठेके की बिक्री के 65 हजार रुपये मालिक से छिपाकर रखने और चोरी की घटना का रूप देने के लिए शराब के ठेके तथा बगल की कपड़े की दुकान का ताला तोड़ने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से कपड़े की दुकान से चोरी किए गए 10,500 रुपये और ठेके की बिक्री के छिपाकर रखे गए 65 हजार रुपये बरामद किए। कुल बरामदगी 75,500 रुपये की है। आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, उपनिरीक्षक सत्येंद्र नारायण सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

बरसठी में चोरी के मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार

बरसठी पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित धीरु गोड़ उर्फ बूढ़े पुत्र रविन्द्र गोड़ उर्फ पप्पू निवासी दीनापुर को चकमलाई गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना बरसठी में दर्ज मुकदमा संख्या 320/2026 में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अम्बरीश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल यादवेन्द्र यादव की टीम ने की।

खेतासराय में चोरी की बकरी बरामद, आजमगढ़ का आरोपी पकड़ा गया

खेतासराय पुलिस ने बकरी चोरी के मामले में आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के पठानपुरवा निवासी असरशद पुत्र तुफैल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गोलाबाजार निवासी मोहम्मद समीर की तहरीर पर 16 अक्टूबर को चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने आरोपी को यूनुसपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर चोरी की गई एक बकरी बरामद की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ खेतासराय और शाहगंज थानों के अलावा आजमगढ़ जिले में भी चोरी सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक संजय कुमार पांडेय तथा हेड कांस्टेबल राजकुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534