जनतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रहा है पुलिस प्रशासन -अजीत सिंह
चंदवक । आजमगढ़ वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढेरही में स्थित टोल प्लाजा पर टोल वसूली बंद कराने को पूर्वांचल किसान संगठन के आह्वान पर आयोजित किसानों के 30 सितंबर के धरने के दौरान पुलिस हिरासत में लिए गए किसान नेता अजीत सिंह को पहले पुलिस राजातालाब थाने रखा। फिर रात 10 बजे उनकों लेकर उनके आवास बोड़सर गांव पहुंची और वहीं पर उनकों हाउस अरेस्ट कर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर दो दारोगा सहित आठ पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
नजरबंद किए गए किसान नेता अजीत सिंह ने अपने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों की अवहेलना करते हुए अधूरे सड़क का निर्माण किए बिना गलत जगह टोल प्लाजा का निर्माण कर अवैध रूप से टोल टैक्स की वसूली की जा रही है। टोल टैक्स के वसूली का विरोध किसान व प्रभावित लोग लोकतांत्रिक तरीके से कर रहे हैं तो किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। शांति पूर्वक किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को पुलिस प्रशासन द्वारा कुचलने का प्रयास कर पुलिस जनतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस प्रशासन चाहे जितना दमनकारी नीति अपना ले टोल वसूली बंद होने तक संघर्ष जारी रहेगा। नजरबंदी के दौरान समर्थन देने पहुंचने वालों में चोलापुर विद्यालय परिवार की ओर से मनीष पांडेय, अमरनाथ , पूर्व प्रमुख जय प्रकाश राम,पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र प्रजापति, प्रधान अमरजीत यादव,पूर्व प्रधान छोटेलाल चौबे, अजय सिंह, योगेन्द्र प्रताप सिंह, अरविंद पांडेय,रामेश्वर सिंह, वंशराज,इंद्रजीत सहित अन्य लोग थे।