जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव में बुधवार शाम एक दंपती के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले। दोनों ने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मनेछा गांव निवासी उपदेश गौतम (22) पुत्र चिंता प्रसाद ने करीब डेढ़ साल पहले बद्दोपुर गांव निवासी पूजा (21) से प्रेम विवाह किया था। बुधवार शाम परिजनों ने घर के अंदर दोनों को फंदे से लटका देखा। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पूजा के मायके पक्ष ने डायल 112 पर सूचना दी।
बताया गया कि दोनों बुधवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद घर लौटे थे। उपदेश गांव में सीमेंट-बालू की दुकान पर काम करने के साथ शादी-विवाह में जयमाल सजाने का काम भी करता था, जबकि पूजा गृहिणी थी। उपदेश के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। बेटे और बहू की मौत से उसकी मां सीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद उपदेश की मां ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
