Jaunpur News : दुर्गा पूजा को लेकर बक्शा थाने में पीस कमेटी की बैठक


(पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और सुरक्षित निकासी मार्ग की व्यवस्था के निर्देश)

बक्शा, जौनपुर। आगामी शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना बक्शा परिसर में पीस कमेटी की बैठक एवं दुर्गा पूजा पंडाल आयोजकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह की उपस्थिति में हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठक में पीस कमेटी के सदस्यों, दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) सहित क्षेत्र के संभ्रांत लोग शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने सभी से त्योहार को परंपरागत तरीके से शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

गोष्ठी में पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर आयोजकों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए कम से कम 3-4 निकास मार्ग सुनिश्चित करने को कहा गया। बिजली के तारों और उनके जोड़ पर पर्याप्त टेपिंग कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि शॉर्ट सर्किट अथवा अन्य दुर्घटना से बचाव हो सके।

पुलिस ने डीजे एवं लाउडस्पीकर पर केवल धार्मिक एवं सौहार्दपूर्ण गीत बजाने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए स्वयंसेवकों की चौबीसों घंटे ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा घटना की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा थाना बक्शा के मोबाइल नंबर 9454403611 पर देने की अपील की गई।

बैठक के दौरान पुलिस ने शासन एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया और उनका पालन सुनिश्चित करने को कहा। आयोजकों से त्योहार के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। वहीं, पुलिस द्वारा त्योहार आयोजन से संबंधित समस्याओं की जानकारी लिए जाने पर उपस्थित लोगों ने किसी प्रकार की समस्या नहीं बताई। बैठक में पुलिस कर्मियों सहित माला शुक्ला, शिवांशु गुप्ता, विजय मौर्या, शाहिल सोनकर, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534