जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन की उपस्थिति में शनिवार को वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर मतदान प्रक्रिया को सुचारु और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रथम मतदान अधिकारियों और पीठासीन अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के दौरान निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों और निर्देशों का पालन करना आवश्यक है, ताकि निर्वाचन कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी का भली-भांति अध्ययन कर लें और अपनी जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से समझ लें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी तैयारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
