जौनपुर। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन. ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं। मतदान केंद्र पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे किए जाएं।
उन्होंने निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहने देने पर जोर दिया। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना तथा मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
