जौनपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट और तेज डायग्नोस्टिक सेंटर (एसआरएस हॉस्पिटल) के संयुक्त तत्वावधान में नईगंज तिराहा स्थित तेज डायग्नोस्टिक सेंटर में गरबा-डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल की महिला कर्मचारियों, ट्रस्ट की सदस्यों और किन्नर समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने मां शक्ति की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत बनाते हैं।
महोत्सव में रंग-बिरंगे पारंपरिक गुजराती और राजस्थानी परिधानों में सजी महिलाओं ने लोकगीतों पर गरबा प्रस्तुत किया। डांडिया की खनक और संगीत ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
स्वास्थ्य जागरूकता के साथ मनोरंजक खेलों का आयोजन
तेज डायग्नोस्टिक सेंटर और एसआरएस हॉस्पिटल की अधिष्ठात्री बबीता सिंह, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सुष्मिता सिंह तथा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अभय सिंह और उनकी टीम ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बेहतर जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया। अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट के सदस्यों ने भी समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। इनमें भाग लेने वाली प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ट्रस्ट परिवार समाजसेवा समिति की अध्यक्ष मीरा अग्रहरि और क्षमा सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, सहयोगियों और चिकित्सा कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
