Jaunpur News : बालिका दिवस पर किशोरियों ने निकाली जागरूकता रैली, बाल विवाह के खिलाफ लिया संकल्प

मड़ियाहूं (जौनपुर)। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जन विकास संस्थान की ओर से संचालित उड़ान परियोजना के तहत मड़ियाहूं ब्लॉक की अहिरौली और कुंभ ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गोष्ठी और रैली के माध्यम से किशोरियों को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के कार्यकर्ता शिवप्रकाश ने बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किशोरियों की शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने असुरक्षा की स्थिति में संबंधित टोल फ्री नंबरों का उपयोग करने की सलाह भी दी।

गोष्ठी में बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। यदि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की या 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह कराया जा रहा हो, तो इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दी जा सकती है। किशोरियों को शिक्षा पूरी करने, अपने सपनों को साकार करने और अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी किशोरियों ने बाल विवाह मुक्त गांव बनाने और बालिकाओं के अधिकारों को बढ़ावा देने की शपथ ली। इसके बाद गांव में जागरूकता रैली निकाली गई। ‘हर किशोरी का यही अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्यार’ जैसे नारों से गांव गूंज उठा। कार्यक्रम में करीब 36 किशोरियों ने भाग लिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान महेंद्र पटेल, पीयर एजुकेटर सोनी, पिंकी, खुशबू, गुंजा, प्रीति, रेशमा, आंचल, रूपा, ज्योति, अंजली और काजल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534