Jaunpur News : हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और स्कॉर्पियो बरामद


जौनपुर। सिंगरामऊ पुलिस ने हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने के आरोप में सुल्तानपुर जिले के सचिन यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से डीजल, .315 बोर का देशी तमंचा, एक कारतूस और घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस 17 और 18 अक्टूबर की रात संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सचिन यादव को पकड़ा गया। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में बरामद डीजल की मात्रा को लेकर अंतर है। शीर्षक में 25 लीटर, जबकि विवरण में करीब 50 लीटर डीजल बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को ट्रक चालक मनीष कुमार ने शिकायत दी थी कि जौनपुर हाईवे पर चार लोगों ने धमकाकर उससे करीब 120 लीटर डीजल निकलवा लिया था। इस मामले में सिंगरामऊ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार आरोपी सुल्तानपुर जिले के बंधुआकला थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सुल्तानपुर और जौनपुर में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534