Jaunpur News : 10 नवंबर को जौनपुर में निकलेगी भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भव्य शोभायात्रा, कलम के सिपाहियों से विशेष अपील


अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी, डॉ. इन्द्रसेन श्रीवास्तव होंगे मुख्य अतिथि

जौनपुर। भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की भव्य शोभायात्रा इस वर्ष भी 10 नवंबर 2026, मंगलवार को जौनपुर में हर्षोल्लास के साथ निकाली जाएगी। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा की जानकारी महासभा के जिलाध्यक्ष नीलमणि श्रीवास्तव और शोभायात्रा के संयोजक अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त प्रेस वार्ता में दी।

आयोजन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इन्द्रसेन श्रीवास्तव होंगे। आयोजकों ने बताया कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की शोभायात्रा दोपहर तीन बजे टाउन हॉल नगर पालिका परिषद से प्रारंभ होगी। यहां से यात्रा कोतवाली, चहारसू और ओलंदगंज होते हुए रुहट्टा स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर पहुंचेगी। मंदिर परिसर में शोभायात्रा का समापन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने समाज के सभी वर्गों से शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से लेखन और पठन-पाठन से जुड़े लोगों से इस आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज लेखनी और विद्या के अधिष्ठाता माने जाते हैं। ऐसे में कलम और ज्ञान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को उनकी पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करना चाहिए।

उन्होंने जनपद के पत्रकारों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और सभी कलम के सिपाहियों से विशेष आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं।

महासभा के जिलाध्यक्ष नीलमणि श्रीवास्तव ने भी समाज के लोगों से एकजुट होकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने की अपील की। आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के प्रति श्रद्धा और आस्था प्रकट करने के साथ समाज में एकता एवं भाईचारे का संदेश देना है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534