Jaunpur News : सीएमओ के औचक निरीक्षण से मची अफरा—तफरी

खेतासराय, जौनपुर। स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगा राम गौतम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 11:15 बजे अचानक सीएमओ के पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों में हलचल मच गई। इस दौरान कई व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई जबकि लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी हिदायत दी गई।

इस दौरान सीएमओ ने प्रसव कक्ष का जायजा लिया। प्रसव रजिस्टर में प्रसूताओं से संबंधित आवश्यक जानकारियां अधूरी दर्ज मिलने पर उन्होंने स्टाफ नर्स को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही निर्देश दिया कि सभी प्रसूताओं का विवरण और उपचार संबंधी जानकारी रजिस्टर में पूरी जिम्मेदारी के साथ दर्ज की जाए, ताकि अभिलेखों में किसी प्रकार की कमी न रहे। प्रयोगशाला के निरीक्षण के दौरान एक लैब टेक्नीशियन अनुपस्थित मिला। इस पर सीएमओ ने उसे उपस्थिति रजिस्टर में गैरहाजिर दर्ज कराया। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के तहत पात्र महिलाओं को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सूर्य प्रकाश यादव को आवश्यक निर्देश दिये।
सीएमओ ने एडीएल रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर और मोमेंट रजिस्टर की गहनता से जांच किया। साथ ही औषधि भंडारण कक्ष में रैबीज के इंजेक्शन सहित अन्य दवाओं की उपलब्धता और रखरखाव की स्थिति देखी। प्रसव कक्ष में मरीजों का उपचार कर रहीं डॉ. फिरदौस से प्रसव एवं महिला मरीजों से संबंधित जानकारी ली। वहीं ओपीडी में मरीजों का उपचार कर रहे डॉ. साजिद खान को ऑनलाइन पर्चा बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अन्त में सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाय और सभी अभिलेख नियमित रुप से अपडेट रखे जायं। इस अवसर पर डॉ. फैजान, राहुल यादव, अशोक सुल्तानी, विवेक त्रिपाठी, शाहनवाज अहमद, गंगापाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534