केराकत, जौनपुर। स्थानीय तहसील के विभिन्न क्षेत्र के गांवों में गोवंश पशुओं से फसल को भारी नुकसान हो रहा है। जहां किसान रात में रखवाली कर फसल को बचा रहे हैं वहीं मौका लगते ही सैकड़ों की संख्या में आकर पशु फसल को नष्ट कर देते हैं। जिससे किसानों में हाहाकार मचा हुआ है। गोशाला न होने के कारण गोवंश पशु इधर-उधर घूमते नजर आ रहे हैं। किसानों की आलु तथा गेहूं की फसल को नष्ट कर रहे हैं। किसान रात की भीषण ठंड में फसल की रखवाली कर रहे हैं लेकिन किसानों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। अंधेरे का फायदा उठाकर गोवंश खेत में घुस जाते हैं और फसल को नष्ट कर देते हैं। सरकार आवारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए गोशाला खोलने का दावा कर रही है, लेकिन अभी तक ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। ग्रामीणों में जयसिंह यादव, पलटू निषाद, रामशरण दास, जिला पंचायत सदस्य सादिक अहमद, बबलू यादव, राजेश कुमार यादव, रामकेश पाल, प्रभात यादव, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार सरोज, नीरज पहलवान आदि किसानों ने जिलाधिकारी से गांव में गोशाला खुलवाने की मांग की है।
Tags
Jaunpur