जौनपुर। नौवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी की अध्यक्षता में टीडीपीजी कालेज के मैदान पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। रचना विशेष विद्यालय के दिव्यांग बच्चों ने मतदाता जागरुकता पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। डीएम ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं जनसामान्य को मतदाता की शपथ दिलाई तथा लोगों से आह्वान किया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में अपना मतदान अवश्य करें तथा जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है वे मतदाता सूची में अपना नाम पंजीकृत कराये।
डीएम ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2014 के कुल मतदाताओं की संख्या-3397394, विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2017 के कुल मतदाताओं की संख्या-3168454 थी। 01 जनवरी 2019 के आधार पर आलेख्य प्रकाशित मतदाताओं की संख्या-3192108, पुनरीक्षण अवधि में कुल बढ़े मतदाताओं की संख्या- 89110, पुनरीक्षण अवधि में कुल घटे मतदाताओं की संख्या- 64217, पुनरीक्षण अवधि में बढ़ाये गये युवा मतदाताओं की संख्या-21199, वर्तमान में मतदाताओं की कुल संख्या-3217001 है।
इससे पूर्व विभिन्न कालेजों के छात्र-छात्रा अपने-अपने विद्यालय से मतदाता जागरुकता रैली लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे जहां पर मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता हुई। जिसमें अव्वल आये प्रतिभागियों को डीएम ने सम्मानित किया। डीएम द्वारा नये युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान-पत्र वितरित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आरपी मिश्र, नगर मजिस्टे्रट सुरेन्द्र नाथ मिश्र, ज्वाइंट मजिस्टे्रट चन्द्रशेखर, स्वीप को-आर्डिनेटर रमेश चन्द्र यादव, सुनील गुप्ता, तहसीलदार सदर ज्ञानेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार मानदाता प्रताप सिंह, प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी बृजेश चर्तुवेदी, गौरव तिवारी, लायंस क्लब के आर.पी.सिंह, डा. अरविन्द कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, माला सिंह, अभिषेक बैंकर, रीना सिंह, सिद्धार्थ मौर्य, नसीम अख्तर, संजय राय आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डा. विनोद कुमार सिंह ने आभार व्यक्त किया। संचालन स्वीप को-आर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने किया।
Tags
Jaunpur