जौनपुर। जिले में मंगलवार की रात से शुरु हुई बूंदा बांदी बुधवार को पूरे दिन भर जारी रही। जिससे ठंड में इजाफा हो गया लेकिन यह हल्की बारिश किसानों के लिए वरदान साबित होगी।
मीरगंज : स्थानीय क्षेत्र सहित आस-पास के इलाकों में हवा के चलने एवं हल्की बरसात से तापमान में गिरावट हो रहा है जिससे ठण्ड बढ़ने के चलते लोग अपने-अपने घरों में दुबके रहे। मंगलवार की शाम से आसमान में बादलों ने डेरा डाल दिया और रात में हल्की बरसात हुई जो ठंड में इजाफा होने के साथ आम आदमी का जन जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है और पशु पक्षी भी ठंड से व्याकुल होकर अपने घोसले से बाहर नहीं निकल रहे। जानकार किसानों की मानें तो ऐसे मौसम में गेहूं की फसल को काफी लाभ पहुंचता है। किसानों ने कहा कि गेहूं की फसल के लिए जितनी अधिक ठंड बढ़ेगी उतनी ही अच्छी बनेगी और फुटाव अधिक होगा, जिससे पैदावार बढ़ेगी।
मछलीशहर : स्थानीय क्षेत्र में मंगलवार को एकाएक मौसम के करवट लेते ही किसानों के चेहरे पर मुस्कान छा गई। इस वर्ष शीतलहरी एवं कड़ाके की ठंडक न पड़ने के कारण फसल बर्बाद हो रही थी जिसे देख किसान चिंतित थे कि साल भर परिवार का कैसे भरण पोषण होगा। दिन के तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी होने के कारण किसानों के चेहरे पर मायूसी ही छा गई थी। मंगलवार की रात एकाएक मौसम का मिजाज बदलते ही किसानों के चेहरे पर चमक आ गई और भगवान से कुछ करने की प्रार्थना करने लगे। मंगलवार की रात में एवं बुधवार की सुबह गरज एवं तूफान के बरसात होते देख खुश हो गए। हल्की फुल्की बरसात होते ही ठंडक में भी इजाफा हो गया।
केराकत : मौसम के मिजाज बदलते ही बारिश के साथ साथ ठण्ड हवाएं भी चलने लगी। जिसके चलने से कपाने वाली ठण्ड भी बढ़ गयी है और साथ-साथ हुए बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे। किसानों में राजेश यादव, रामकेश पाल, राजकुमार सरोज आदि का कहना है कि बारिश होने से ठंड जरुर बढ़ गयी है मगर फसलों को काफी फायदा हुआ है और फसलों के लिये बारिश का होना भी बहुत जरुरी था।
Tags
Jaunpur