टीम जौनपुर लाइव
जौनपुर। महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को 2019 के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नामचीन हस्तियों को पद्म विभूषण और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया है। ये पुरस्कार राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रदान किए गए हैं। जिसमें जनपद एवं अपने अहमदपुर गांव का नाम रोशन करने वाली जौनपुर की बेटी बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रशांति सिंह भी शामिल हैं। बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रशांति सिंह ने बताया कि यह पुरस्कार परिवार और मीडिया को मैं समर्पित करती हूं क्योंकि परिवार और मीडिया ने मेरा साथ हर कदम पर दिया है।
![]() |
प्रशांति सिंह |
गौरतलब हो कि प्रशांति देश की पहली बास्केटबॉल महिला खिलाड़ी है जिन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इससे पहले उन्हें 2017 में भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में प्रतिष्ठित रानी लक्ष्मी बाई बहादुरी पुरस्कार 2016-17 से भी सम्मानित किया गया है। सिंह सिस्टर्स के नाम से बास्केटबॉल की दुनिया मे मशहूर है ये चारों सगी बहनें (दिव्या सिंह, प्रशांति सिंह, आकांक्षा सिंह व प्रतिमा सिंह चारों अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी है) इन बहनों को बाहर की दुनिया में लाने वाली प्रियंका सिंह इन दिनों दक्षिण कोरिया में बास्केटबॉल कोच है। मां उर्मिला सिंह ने इन बहनों की लगन देखकर उनको हर कदम पर प्रोत्साहित किया। भाई विक्रांत सिंह फुटबाल का जाना-माना खिलाड़ी है। प्रशांति सिंह पुत्री गौरीशंकर सिंह ग्राम व पोस्ट अहमदपुर थाना जफराबाद जिला जौनपुर की रहने वाली है एवं ननिहाल नारायणपुर डोभी क्षेत्र है।
Tags
Jaunpur