#TeamJaunpurLive
जौनपुर। नेशनल मेडिकोज आर्गनाइजेशन ने मंगलवार को सिरकोनी क्षेत्र के हौज गांव स्थित ट्रामा सेंटर परिसर में पौधरोपण किया। इस मौके पर आर्गनाइजेशन के अध्यक्ष व वरिष्ठ आर्थो सर्जन डा. सुभाष सिंह ने जनमानस से अधिक से अधिक पौधे लगाने और वृक्ष बनने तक देख-भाल करने का आह्वान किया। कहा कि पृथ्वी पर पर्यावरण को जीवंत बनाए रखने एवं जीवन को संजीवनी प्रदान करने के लिये पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। इससे वन सम्पदा में वृद्धि होती है।
डा. सिंह ने कहा कि वृक्ष आक्सीजन के उत्सर्जन के साथ ही वायुमंडल में कार्बन डाई आक्साइड को नियंत्रित करते हैं। मानव व जीव-जन्तुओं के जीवन को सुखी, समृद्ध एवं वायुमंडल को संतुलित बनाए रखने के लिये वृक्षों का विशेष महत्व है। मानव सभ्यता का उदय तथा इसका आरंभिक आश्रय भी प्रकृति अर्थात वन-वृक्ष ही रहे हैं। मानव को प्रारंभ से प्रकृति द्वारा जो कुछ प्राप्त होता रहा है, उसे निरंतर प्राप्त करते रहने के लिये वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन पर्यावरण संरक्षण के लिए हर साल सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाकर न सिर्फ पौधरोपण करेगा बल्कि देखभाल की भी व्यवस्था की जाएगी।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. शुभा सिंह ने कहा कि वृक्षों से वन संपदा में वृद्धि, गृहस्थ जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति होती है। वनों के अभाव में बड़े-बड़े उपजाऊ प्रदेश रेगिस्तान में बदल गए। वन हमारी प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा करते हैं तथा धरती को जीवंत और उपजाऊ बनाकर फल-फूल, औषधि व अन्न आदि प्रदान करते हैं। पुराणों में भी एक वृक्ष-दस पुत्रों के समान कहा गया है। हमारे शास्त्रों में वृक्षों में देवताओं का वास बताते हुये इनकी महत्ता के बारे में विस्तृत वर्णन किया गया है।
आर्गनाइजेशन के सचिव डा. विकास सिंह ने कहा कि जीवन का कर्ज चुकाना है, तो अधिक से अधिक पौधरोपण करना होगा। एक वृक्ष अवश्य लगाए, वृक्ष हमारे सच्चे साथी व हितैषी है, जो अंतिम श्वांस तक साथ निभाते है। बाल रोग विशेषज्ञ डा. मुकेश शुक्ला ने कहा कि धर्मशास्त्रों में वृक्षारोपण को पुण्यदायी कार्य बताया गया है। इसका कारण यह है कि वृक्ष धरती पर जीवन के लिए बहुत आवश्यक हैं। भारतवर्ष में आदि काल से लोग तुलसी, पीपल, केला, बरगद आदि पेड़-पौधों को पूजते आए हैं। वृक्ष पृथ्वी को हरा- भरा बनाकर रखते हैं। पृथ्वी की हरीतिमा ही इसके आकर्षण का प्रमुख कारण है, जिन स्थानों में पेड़-पौधे पर्याप्त संख्या में होते हैं वहां निवास करना आनंददायी प्रतीत होता है। इस अवसर पर डॉ विपिन कुमार समेत ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags
Jaunpur