नया सबेरा नेटवर्क
विश्वविद्यालय परिसर में आज किया जायेगा वृहद पौधरोपण
सिद्दीकपुर, जौनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के भू एवं ग्रहीय विज्ञान विभाग, रज्जू भइया संस्थान के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षणः विश्लेषण एवं भविष्य की रणनीतियां विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने पर्यावरण संरक्षण के लिये युवाओं को आगे आने की अपील की। प्रो. मौर्य ने कहा कि आज जब देश कोरोना संकट से गुजर रहा है तब पर्यावरण संरक्षण व संतुलन और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। प्रो. मौर्य ने विश्वविद्यालय के द्वारा इस दिशा में किये जा रहे कार्यों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि 05 जून को विश्वविद्यालय परिसर में वृहद पौधरोपण किया जायेगा। वेबिनार के मुख्य अतिथि राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने पर्यावरण व पारिस्थितिकी के विभिन्न आयामों पर चर्चा की। प्रो सिंह के कहा कि 21वीं सदी में पर्यावरण संरक्षण एक महत्वपूर्ण चुनौती के रूप में उभर रहा है जिसके लिये हमारी सरकार तमाम प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिये जनमानस को आगे आना होगा और इसे अभियान बनाकर अपनी दिनचर्या में शामिल करने की आवश्यकता है। जनजागरण व जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा एवं हम भावी पीढ़ियों को बेहतर भविष्य दे पायेंगे। मुख्य वक्ता डा. कमलेश कुमार सिंह अपर महानिदेशक भारत मौसम विज्ञान विभाग, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय नई दिल्ली ने पर्यावरण की वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। डा. सिंह ने ग्रीन हाउस गैस के बढ़ते विपरीत प्रभाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हम अपने मुनाफे के लिये प्रकृति व पर्यावरण को नजरअंदाज कर रहे हैं जो बेहद चिंता की बात है। संचालन डा. नीरज अवस्थी ने किया। स्वागत संस्थान के निदेशक प्रो. देवराज सिंह ने किया। भू एवं ग्रहीय विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. श्याम कन्हैया सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखी। तकनीकी सहयोग डा. शशिकांत यादव व अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन डा. श्रवण कुमार ने किया। इस अवसर पर रज्जू भैया संस्थान के समस्त शिक्षक सहित विश्वविद्यालय के सभी आचार्यगण, शोधार्थी उपस्थित रहे।
from Naya Sabera | नया सबेरा - No.1 Hindi News Portal Of Jaunpur (U.P.) https://ift.tt/3fSLbh4
Tags
recent