Jaunpur : ​5000 विद्यार्थियों के लिये निःशुल्क शिक्षण व खेलकूद सामग्री वितरित

डा. संजय यादव @ बदलापुर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय शाहपुर सानी में 5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण एवं खेलकूद सामग्री वितरण कार्यक्रम हुआ जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी, कार्यक्रम अध्यक्ष/विशिष्ट अतिथि पूर्व गृह राज्यमंत्री महाराष्ट्र कृपाशंकर सिंह, विधायक बदलापुर रमेश चन्द्र मिश्र, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह सहित अन्य ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
इस मौके पर सांसद श्री तिवारी ने कहा कि जनपद में आकर उन्हें हर्ष की अनूभति हो रही है, क्योंकि इसी पावन धरती पर उन्हें नई पहचान मिली थी। कार्यक्रम में बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यही बच्चे देश का भविष्य हैं जितने अधिक बच्चे शिक्षित होंगे, आने वाला समाज उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने प्रत्येक बच्चे को आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया तथा पीली नदी के जीर्णोद्धार कार्य की भी सराहना करते हुये कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व गृह राज्यमंत्री ने कहा कि जनपद प्रतिभाओं से भरा हुआ है। सिविल सेवा परीक्षा में चयनित युवाओं और उनके अभिभावकों और गुरूजनों को बधाई देते हुये कहा कि प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि ऐसे पुरातन छात्र जिन्होने प्राथमिक विद्यालयों से अपनी पढाई पूर्ण की है और उच्च पदों पर सुशोभित कर रहे हैं, वे अपने विद्यालयों में जाकर अपने अनुभवों से अध्ययनरत छात्रों को अभिसिंचित करें।
विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। शासन द्वारा बच्चों को बैग, जूता, मोजा, भोजन आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में सामुदायिक सहभागिता और कम्पोजिट विद्यालय शाहपुरसानी के पुरातन छात्र रहे सतीश तिवारी द्वारा 5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण एवं खेल-कूद सामग्री वितरण का यह कार्य अत्यंत सराहनीय है।
जिलाधिकारी ने कविता के माध्यम से उपस्थित बच्चों और लोगों को वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने में अपने अपने योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री तथा खेलकूद से जुड़ी आवश्यक वस्तुएँ वितरित की गईं।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख ब्रजेश यादव, रोहित उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद पांडेय, अभिनव तिवारी, अवधेश यादव, मंडल अध्यक्ष शनि शुक्ला, सिध्दार्थ सिंह, बबलू चौहान, लवकुश सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अन्त में बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ ने समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534