Jaunpur : ​केराकत में अज्ञात लोगों ने दुकान में खड़ी बाइक को लगायी आग

विनोद कुमार @ केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के नई बाजार के काशी गोमती ग्रामीण बैंक के समीप स्थित कोमल आटो पार्ट एवं गैरेज की दुकान में बीती रात दो नकाबपोश बदमाशों ने खड़ी बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी जो देखते ही देखते करीब दो दर्जन से अधिक वाहनों तक फैल गई। आग के विकराल रूप देख आस—पास के लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा होकर आग पर काबू पाया। तत्पश्चात् मकान मालिक ने दुकानदार को फोन करके घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और मंजर देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दिये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल
नई बाजार में स्थित ऑटो गैरेज में जिस समय बदमाश बेखौफ होकर दुकान में खड़ी बाइक में आग लगा रहे थे कि दुकान में लगी सीसीटीवी कैमरे में पूरी करतूत कैद हो गई जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि रात करीब सवा 11 बजे दो नकाबपोश युवक हाथ में पेट्रोल लेकर दुकान के पास पहुंचे। एक युवक ने खड़ी बाइक पर पेट्रोल छिड़का जबकि दूसरे ने माचिस से आग लगा दी। आग लगते ही वहां खड़ी कई अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं और जलकर राख हो गये। इस घटना से दुकान मालिक को भारी नुकसान हुआ है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

भुक्तभोगी ने तहरीर देकर लगायी गुहार
क्षेत्र के सरौनी पश्चिम पट्टी गांव निवासी अवनीश कुमार पुत्र अच्छे लाल नई बाजार में ऑटो गैरेज की दुकान खोल परिवार का भरण पोषण करते हैं। रोज की भांति शाम को दुकान बंद करके घर चले गये। रात करीब सवा 11 दुकान में अज्ञात लोगों द्वारा खड़ी बाइक में आग लगाने की सूचना मिली। तत्पश्चात शनिवार को तहसील दिवस में पहुंच अज्ञात 3 लोगों के खिलाफ तहरीर देकर अवगत कराया कि दुकान में खड़ी 15 से 20 गाड़ियां व कुछ मोटर्स पार्ट जलकर खाक हो गया जिसकी कुल कीमत लगभग 10 लाख है।
और नया पुराने

Contact us for News & Advertisement

Profile Picture

Ms. Kshama Singh

Founder / Editor

Mo. 9324074534